दिल्ली-चंडीगढ़ से ज्यादा राजधानी का तापमान
( शिमला)सुनीता भारद्वाज
हिमाचल में 15 फरवरी तक तो भूल ही जाओ कि बारिश और बर्फबारी होगी। वहीं पिछले कुछ दिनों से हिमाचल में मौसम साफ रहने से तापमान भी बढ़ा है। हिमाचल की राजधानी शिमला का तापमान दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर से ज्यादा चला हुआ है। ऐसे में यहां ज्यादा गर्मी हो रही है। पहाड़ों के तपने से लोगों को भी अब दिन के समय गर्मी का एहसास हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का पूर्वानुमान है कि हिमाचल में अब 15 फरवरी तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। पहाड़ी, मध्य और मैदानी क्षेत्रों में मौसम खुश्क रहेगा। ऐसे में दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास भी होगा।
तापमान बढ़ने से दिन के समय गर्मी ज्यादा बढ़ेगी। ज्यादातर क्षेत्रों में माइनस में चल रहा तापमान अब ऊपर आना शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे में केलांग सबसे ठंडा रहा है। यहां पर तापमान -4.3 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि सबसे गर्म क्षेत्र बिलासपुर जिला का बरठीं रहा है। यहां का तामपान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया है। धीरे-धीरे अब नीचले मैदानी क्षेत्रों में तापमान भी बढ़ना शुरू हो गया है। वहीं पर्यटकों का बढ़ना भी शुरू हो गया है।