निष्पक्ष तरीके से चुनाव करवाना सुनिश्चित करें अधिकारी-कर्मचारी : चेत सिंह
स्वतंत्र हिमाचल
(आनी) विनय गोस्वामी
पंचायत चुनावों में तैनात अधिकारी और कर्मचारी निष्पक्ष तरीके से चुनाव करवाना सुनिश्चित करे। रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत)/उपमंडल अधिकारी (ना.) आनी चेत सिंह ने ये बात निरमंड में पंचायत चुनावों के पूर्वाभ्यास के दौरान कही। इस मौके पर उन्होंने चुनावों में तैनात विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की विभिन्न शंकाओं को भी दूर किया। उन्होंने चुनावों को सफल तरीके से निपटाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रत्याशी के प्रभाव में या पूर्वाग्रह में आकर अधिकारी-कर्मचारी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास न करें। उन्होंने पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में शिरकत करने वाली सभी पोलिंग पार्टियों को यह भी आश्वासन दिया कि यदि कोई भी समस्या चुनावों के समय पेश आती है तो उसे दूर करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में आरओ(पंचायत) चेत सिंह ने 63 पोलिंग पार्टियों को संबोधित किया।
चुनाव आयोग की ओर से निरमंड खंड में प्रथम चरम में 17 जनवरी को मतदान किया जाना है। इसके लिए कल सुबह 10 बजे पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य स्थान पर रवाना किया जाएगा। इसके लिए 11 बसों की व्यवस्था भी चुनाव आयोग की ओर से की गई है। इस कार्यक्रम में बीडीओ निरमंड प्रिया नागटा, तहसीलदार निरमंड देवी सिंह कौशल सहित पंचायत चुनावों में तैनात सेक्टर ऑफिसर, एआरओ, पीओ सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।