आनी में शनिवार क़ो होगा मां भगवती का तीसरा विशाल जागरण
ज्वालामुखी से अखण्ड ज्योति लाने जत्था हुआ रवाना
स्वतंत्र हिमाचल
(आनी) विनय गोस्वामी
शनिवार 9 अप्रैल को आनी के राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में होने वाले मां भगवती के तीसरे विशाल जागरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। ज्वाला मुखी से अलौकिक अखण्ड ज्योति लाने जागरण कमेटी का एक जत्था शुक्रवार सुबह पूरे विधि विधान के साथ रवाना हो गया है। जत्थे को रवाना करते हुए आनी कस्बे में भजन कीर्तन के साथ प्रभातफेरी निकाली गई।जत्था शुक्रवार रात को अखण्ड ज्योति प्राप्त कर वापिस आनी को रवाना होगा।
शनिवार शाम 4 बजे आनी के दुर्गा माता मंदिर में अखण्ड ज्योति के पहुंचने पर मन्दिर कमेटी उनका भव्य स्वागत करेगी। जिसके बाद ज्वाला माता की अखण्ड ज्योति की भव्य शोभा यात्रा दुर्गा माता मंदिर से जागरण स्थल तक निकाली जाएगी।रात भर प्रसिद्ध भजन गायक काकू राम ठाकुर, जॉनी ठाकुर और विक्की सोनी के भजनों से पंडाल गुंजायमान रहेगा। जबकि रात भर शिव पार्वती, कृष्ण सुदामा, राधा कृष्ण सहित कई अन्य झांकियां भी निकाली जाएंगी।
मन्दिर कमेटी आनी के प्रधान वीरेंद्र मल्होत्रा और व्यापार मंडल आनी के प्रधान विनोद चंदेल ने बताया कि यह जागरण क्षेत्र के लोगों के परस्पर सहयोग से आयोजित होता है।
दो वर्षों तक कोरोना महामारी के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया था। लेकिन इस वर्ष लोगों में खासा उत्साह है। राजा रघुबीर सिंह स्टेडियम में रात भर व्यापार मंडल, कस्बेवासियों और क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आये भक्तगण भजन मंडली के साथ कीर्तन करेंगे और सुबह ब्रह्ममुहूर्त में आरती के बाद कन्या पूजन के बाद प्रसाद बांटा जाएगा। मंदिर कमेटी और व्यापार मंडल आनी ने सभी क्षेत्रवासियों से जागरण में शामिल होने का आह्वान किया है।