बेहतर की प्रतिस्पर्धा में बेहतरीन रैला के सुनहरे भविष्य की जगी आस
देवभूमि महिला मण्डल रैला की महिलाओं ने चलाया सफ़ाई अभियान
स्वतंत्र हिमाचल
सैंज (पी.के. रॉयल)
एक-दूसरे से बेहतर करने की होड़ में रैला पंचायत की महिला मण्डलों ने गाँव-गाँव में सफ़ाई अभियान सहित अन्य जागरुकता कार्य करने की बाढ़ सी लाई है जिससे क्षेत्र में उनके कार्यों की खूब सराहना की जा रही है। गौरतलब है कि नेहरू युवा केन्द्र के सौजन्य से होने वाले कार्यक्रमों में आशापूरी महिला मण्डल शरण, महिला मण्डल शुल्गा व लक्ष्मी महिला मण्डल रैला द्वारा अपना बेहतर प्रदर्शन करते हुए अनेक पुरस्कार अपने नाम किए हैं, तब से रैला की दोनों पंचायतों की लगभग आधा दर्जन महिला मण्डलों में एक दूसरे से आगे निकलने की खूब प्रतिस्पर्धा चल रही है। परिणामस्वरूप महिलाओं द्वारा किए जा रहे इन कार्यों से महिलाएँ संबंधित क्षेत्र में सफ़ाई, नशा निवारण, सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विभिन्न सामाजिक जागरुकता के कार्यों में भाग लेकर एक सशक्त व उज्जवल समाज की परिकल्पना को साकार करने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
शनिवार को देवभूमि महिला मण्डल रैला की लगभग दो दर्जन महिलाओं ने नारायणा सारी की बावड़ी, गाँव की नालियाँ, गलियों की सफ़ाई तथा लक्ष्मी नारायण के बीठ पर्व को जाने वाले रास्ते में देव सौह से गाँव चिठुधार तक झाड़ियों को काट कर रास्ता साफ़ किया। महिला मण्डल की प्रधान गंगा दासी नेगी ने बताया कि आज समाज में महिलाओं की भागीदारी से नारी सशक्तिकरण की दिशा का रास्ता प्रशस्त हो रहा है और समाज में पनप रहे व्यभिचार व नशे से निजात दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तत्पर हैं। प्रधान गंगा नेगी ने बताया कि गाँव में सफ़ाई व्यवस्था हेतु समुचित प्रबंध करने, युवाओं को नशे से दूर रहने, समाज के दुःख-सुख में लोगों की मदद करने तथा गाँव के विकासात्मक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी महिलाएँ एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध संस्कृति को मजबूती के साथ सहेजने के लिए कार्य करती रहेगी तथा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर नेहरू युवा केंद्र सहित अन्य मेले व त्योहारों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करती रहेगी और अपनी योग्यता व मेहनत करके दूसरों से अव्वल स्थान प्राप्त करने का प्रयास करेगी।इस अवसर पर प्रधान गंगा नेगी, सचिव मैना देवी, कोषाध्यक्ष फुला देवी, सदस्य दुर्गा देवी, मीरा देवी, रमा देवी, खेलू देवी, रामी देवी, फालमा देवी, दुर्गा देवी, कौंला देवी, जावित्री देवी, मीरा देवी, डोलमा देवी, जयदासी देवी, ज्वाला देवी, विस्वा देवी, मूर्ति देवी व वार्ड सदस्या गीता देवी ने इस कार्य में भाग लिया।