इंद्र सिंह गांधी ने ग्राम पंचायत कोठी के नए भवन का किया उदघाटन
स्वंतंत्र हिमाचल
(नेरचौक) अमन शर्मा
बल्ह विधानसभा की ग्राम पंचायत कोठी में 12 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत घर का उदघाटन आज स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी ने किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि हमारे मंडी के मुख्यमंत्री होने के साथ ही लोगों ने बल्ह से बी जे पी का विधायक चुन कर भेजा है इसी वजह से बल्ह में इतना विकास हो पा रहा है। इससे पूर्व में जो कोंग्रेस की सरकार व बल्ह से मंत्री थे उन्होंने जनता से केवल झूठ ही बोला है।
मिनी सचिवालय के नाम पर मात्र एक बोर्ड टांग देने से सचिवालय नहीं बन जाता है। उन्होंने जनता को ना तो इसकी लागत बताई और ना ये कि कितनी ज़मीन इसके लिए लगेगी। उन्होंने केवल झुठी घोषणाऐं ही की थी। जिस वजह से जनता ने उन्हें इस तरह से हराया की आज उन्हें टिकट लेने के भी लाले पड़े हुए हैं।
आगे उन्होंने कहा कि अभी हुए पंचायती राज चुनावों में भी उन्ही के अधिकतर प्रधान चुन कर आये हैं। उन्होंने कहा कि 42 लाख रुपये इस पंचायत में अब तक विकास कार्यों के लिए आ चुका है। और 18 लाख रुपये उन्होंने अपनी निधि से इस क्षेत्र में विकास कार्यों हेतु अब तक आबंटित किये हैं। इसके अलावा पंचवटी योजना के लिए 10 लाख देने की घोषणा की, पंचायत में बनने वाले वेटरनरी अस्पताल के लिए भी बजट की घोषणा और लेदा, दशेहड़ा सलापड पेयजल योजना के लिए 1 करोड़ 42 लाख के बजट की घोषणा की।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि विधायक बल्ह इंद्र सिंह गांधी के साथ स्थानीय कोठी पंचायत प्रधान अंजना कुमारी, उप प्रधान नरेश राठौड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष सन्दीप चंदेल, भाजपा बल्ह मंडल उपाध्यक्ष गीतानंद सोनी, बल्ह मंडल महामन्त्री राजेन्द्र राणा, गुरुकोठा शक्तिकेन्द्र अध्यक्ष जयदेव चौहान, महामंत्री प्रेम सिंह ठाकुर, लेदा शक्तिकेन्द्र अध्यक्ष संजय कुमार, युवा मोर्चा महामंत्री ठाकुर दास, किसान मोर्चा महामंत्री अमर सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए।