हिमाचल प्रदेश//यशपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में खूनी वारदात सामने आई है। नगरोटा बगवां क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने ही बड़े भाई व भाभी को ही गोलियों से भून डाला। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के जसौर पंचायत के वार्ड नंबर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई।

पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है। कांगड़ा की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने डबल मर्डर की पुष्टि की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक जमीनी विवाद को इसकी प्रमुख वजह बताई जा रही है। पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार करेगी।
हत्या की इस घटना को मृतक की नन्ही बच्ची की आंखों के सामने अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपक कुमार ने जमीनी विवाद के चलते डबल मर्डर किया है। गोलियां चलाने से पहले आरोपी और मृतक के बीच झगड़ा हो रहा था और बाद में आरोपी ने अपनी गन से भाई-भाभी पर गोलियां चलाई।
इस घटना के बाद से आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। इन्हें आज ही पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेजा जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए धर्मशाला से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी है। आरोपी का भाई सरकारी स्कूल जमानाबाद में बतौर स्कूल लेक्चरर कार्यरत्त था और उसकी पत्नी गृहणि थीं। वहीं आरोपी दीपक कुमार अपना प्राइवेट स्कूल चलाता है। उधर, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।